Disable Copy Text

Saturday, January 27, 2018

ऐ शांति अहिंसा की उड़ती हुई परी

Image may contain: 2 people

ऐ शांति अहिंसा की उड़ती हुई परी
आ तू भी आ कि आ गई छब्बीस जनवरी

सर पर बसंत घास ज़मीं पर हरी हरी
फूलों से डाली डाली चमन की भरी भरी
आई न तू तो सब की सुनूँगा खरी खरी
तुझ बिन उदास है मिरी खेती हरी-भरी
आ जल्द आ कि आ गई छब्बीस जनवरी

घूँघट उलट रही है चमन की कली कली
शाख़ें तो टेढ़ी-मेढ़ी हैं सूरत भली भली
रंगीनियाँ हैं बाग़ में ख़ुशबू गली गली
शबनम से है कली की पियाली भरी भरी
आ तू भी आ कि आ गई छब्बीस जनवरी

मुस्का रही है मुझ पे मिरे बाग़ की कली
आँखें दिखा रही है मुझे कल की छोकरी
ऐसा न हो कि फूल उड़ाएँ मिरी हँसी
अब तैरने लगी मिरी आँखों में जल-परी
आ जल्द आ कि आ गई छब्बीस जनवरी

काँटे हों चाहे फूल हों फ़स्ल-ए-बहार के
पाले हैं दोनों एक ही परवरदिगार के
हम भारती शिकार हैं अपने ही वार के
ऐ शांति अहिंसा की उड़ती हुई परी
धरती पे आ कि आ गई छब्बीस जनवरी

~ नज़ीर बनारसी


  Jan 26, 2018| e-kavya.blogspot.com
  Submitted by: Ashok Singh

No comments:

Post a Comment