Disable Copy Text

Saturday, April 4, 2015

मैं तल्ख़ी-ए-हयात से घबरा के


मैं तल्ख़ी-ए-हयात से घबरा के पी गया
ग़म की सियाह रात से घबरा के पी गया
*तल्ख़ी-ए-हयात=ज़िंदगी की कड़वाहट

इतनी दक़ीक़ शय कोई कैसे समझ सके
यज़्दाँ के वाक़िआ'त से घबरा के पी गया
*दक़ीक़=नाजुक; यज़्दाँ=ईश्वर

छलके हुए थे जाम परेशाँ थी ज़ुल्फ़-ए-यार
कुछ ऐसे हादसात से घबरा के पी गया

मैं आदमी हूँ कोई फ़रिश्ता नहीं हुज़ूर
मैं आज अपनी ज़ात से घबरा के पी गया

दुनिया-ए-हादसात है इक दर्दनाक गीत
दुनिया-ए-हादसात से घबरा के पी गया

काँटे तो ख़ैर काँटे हैं इस का गिला ही क्या
फूलों की वारदात से घबरा के पी गया

'साग़र' वो कह रहे थे कि पी लीजिए हुज़ूर
उन की गुज़ारिशात से घबरा के पी गया
*गुज़ारिशात=अनुरोध

~ सागर सिद्दीक़ी


  May 30, 2012| e-kavya.blogspot.com
  Submitted by: Ashok Singh

No comments:

Post a Comment