
प्यार के ग़फ़लत में जिसके, है गुज़ारी ज़िन्दगी।
रंज उसको, मैंने ही, उसकी बिगाड़ी ज़िन्दगी।।
प्यार में क्या खोया-पाया, इसका भी होगा हिसाब।
यूँ कभी सोचा न था , ऐ प्यारी-प्यारी ज़िन्दगी।।
हँसने-रोने के हुनर ने, है इसे, आसां किया।
रोये जो अक्सर, तो हॅस कर भी गुज़ारी ज़िन्दगी।।
तल्खि़यां , मज्बूरियां , नाकामियां , लाचारियां।
जाने कितने वज़्न हैं , जिनसे है भारी ज़िन्दगी।।
जान भी प्यारी है औ’, जीना भी है मुश्किल मियाँ।
ख़ूब, ये मीठी कटारी है दुधारी, ज़िन्दगी।।
बीतते सावन के बादल भी, न कुछ लाये ख़बर।
आस कोई तो मिरे मन में, जगा री ! ज़िन्दगी।।
आओ साथी बाँट लें, आपस में हर ग़म-ओ-ख़ुशी।
थोड़ा हँस लें साथ कि, ख़ुश हो बिचारी ज़िन्दगी।।
जानो-तन जब तक फँसे हैं, दामे-दुनिया में ‘अरुन’।
क्या गिला, किस जाल में फँस कर गुज़ारी ज़िन्दगी।।
~ अरुण मिश्र
Dec 11, 2013
No comments:
Post a Comment