Disable Copy Text

Sunday, November 23, 2014

देह के मुहावरे अजीब होते हैं



देह के मुहावरे अजीब होते हैं
भाषा अजीब होती है
तकलीफ दूर करने के लिए
तकलीफ माँगती है
आराम पाने के लिए
बेआराम होना माँगती है
बोलती है गर्मियों की उमस भरी बेचैनी
ठीक बीच रात में
दिसंबर की बर्फीली ठंड में भी
जब वह घिरी होती है
हार्मोन की ऊँची-नीची लहरों से
भरी गर्मी में
बतियाती है ढेर-सा पसीना
और हो जाती है ठंडी, निश्चल, चुप
चुप रहती है
जब कहने की जरूरत सबसे ज्यादा हो
चुप हो जाती है
जब बातें करने को लोग सबसे ज्यादा हों
आस-पास जमा हुए, आपस में बतियाते
उस बीच में रखी देह के बारे में
जो चुप हो गई
इस वाचाल को चाहिए एकांत, सन्नाटा
जब पास कोई न हो
तो बोलती है
बेबाक, बिंदास
अपने मन की,
देह की
फिर समेटती है अपने शब्द
चुन-चुन कर एक-एक
दिखाती है कविराज को
और पूछती है नुस्खे
उन्हें शांत करने के,
बुझाने के
क्योंकि देह का बोलना
यानी शब्दों का खो जाना

~ अनुराधा

   Sept 6, 2013

No comments:

Post a Comment